मेरठ (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र में गोकशी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर बरामदगी के लिए ले जाते समय पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सरधना के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने एक बयान में बताया कि गोवध अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार आरोपी उजैफा को बृहस्पतिवार को गोकशी में प्रयुक्त औजारों की बरामदगी के लिए एक स्थान पर ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आरोपी ने गन्ने के खेत में पहले से छिपाकर रखा अवैध तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर सरधना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर गोकशी में प्रयुक्त गंडासा, रस्सा तथा अन्य औजारों के साथ एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
इस घटना के संबंध में सरधना थाने में एक नया मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी उजैफा मेरठ जिले का निवासी है और उसके खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम तथा आयुध अधिनियम के तहत पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
भाषा सं जफर गोला
गोला