उप्र: पीआरडी जवानों को दैनिक भत्ते के रूप में मिलेंगे अब 600 रुपये और कैशलेस उपचार

Ads

उप्र: पीआरडी जवानों को दैनिक भत्ते के रूप में मिलेंगे अब 600 रुपये और कैशलेस उपचार

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 08:40 PM IST

लखनऊ, 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

इस निर्णय से 27,794 जवानों को लाभ मिलेगा।

इसके अलावा पीआरडी जवानों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस उपचार की सुविधा भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि सरकार पीआरडी जवानों के भत्ते में लगातार बढ़ोतरी कर रही है।

खन्ना ने बताया कि आठ मार्च 2019 को दैनिक भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 375 रुपये किया गया था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद छह जनवरी 2022 को इसे बढ़ाकर 395 रुपये और 16 अप्रैल 2025 को 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया गया था।

वित्त मंत्री ने कहा, “मंत्रिमंडल ने अब दैनिक भत्ते को बढ़ाकर 600 रुपये करने पर सहमति दी है।”

मंत्रिमंडल ने पीआरडी जवानों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा देने को भी मंजूरी दी है।

खन्ना ने बताया कि इस योजना के तहत उन जवानों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिन्होंने एक वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी की हो। पीआरडी जवान आपात स्थिति और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अन्य कार्यों में राज्य प्रशासन और पुलिस की सहायता करते हैं।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र