(तस्वीरों के साथ)
मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) मुंबई में एक दिन पहले शुरू हुए 12 दिवसीय गणेशोत्सव के पहले विसर्जन दिवस पर मंगलवार शाम छह बजे तक भगवान गणेश की 2850 से अधिक मूर्तियां विसर्जित की गईं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, इन विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
बीएमसी ने विसर्जन स्थलों पर व्यापक प्रबंध किए हैं, जिनमें कृत्रिम तालाब और प्रमुख प्राकृतिक विसर्जन स्थल शामिल हैं।
नगर निकाय अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, विसर्जित की गई मूर्तियों में सार्वजनिक गणेश मंडलों की 25 और घरों में स्थापित की गईं 2834 मूर्तियां (कुल 2859 गणेश प्रतिमाएं) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 30 हरतालिका (देवी) की मूर्तियों का भी विसर्जन किया गया, जिससे शाम छह बजे तक दर्ज विसर्जन की कुल संख्या 2889 हो गई।
विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार, भगवान गणेश की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा के डेढ़ दिन और पांच दिन बाद उनका विसर्जन किया जाता है।
यह त्योहार अनंत चतुर्दशी के दिन संपन्न होगा, जो इस वर्ष 25 सितंबर को पड़ रही है। इस दिन भव्य शोभायात्राएं निकालने के बाद मूर्तियों को जलाशयों में विसर्जित किया जाएगा।
भाषा सुमित माधव
माधव