मऊ(उप्र),19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ जंक्शन पर शुक्रवार को आयोजित रेलवे का कार्यक्रम उस समय राजनीतिक टकराव में बदल गया जब समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की एक टिप्पणी पर आपत्ति जताई और सीट छोड़कर चले गए।
हालांकि, अधिकारियों के मनाने पर वह कुछ समय के बाद अपनी सीट पर लौट आए।
नयी ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और मेमू सेवा के विस्तार के लिए मऊ रेलवे जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के लिए तैयार मंच पर मंत्री शर्मा और घोसी के सांसद राजीव राय सहित कई जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।
कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण ढंग से शुरू हुआ, राय ने मंच पर शर्मा का स्वागत किया और उनसे हाथ मिलाया। हालांकि, बाद में मंत्री के संबोधन के दौरान तनाव सामने आया।
शर्मा ने बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘‘अपनी ऊर्जा बचा लो, नहीं तो तुम्हारे प्लॉट पर कब्जा हो जाएगा।’’ इस टिप्पणी को राय के संदर्भ के रूप में देखा गया, जिसके बाद सांसद ने आपत्ति जताई और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए अपनी कुर्सी से खड़े हो गए। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वह अपनी सीट पर लौटे।
कार्यक्रम के बाद राय ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल अपमानित करने के लिए कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक मानदंडों के खिलाफ बताया।
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि मंत्री के समर्थकों को पुलिस सुरक्षा के तहत कार्यक्रम स्थल पर लाया गया था।
दोनों नेता पहले भी भूमि संबंधी विवाद को लेकर वाकयुद्ध में उलझ चुके हैं। इसी मुद्दे पर राय की मंत्री ओम प्रकाश राजभर से भी टीवी पर तीखी बहस हुई थी।
यह घटना 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ और विपक्षी नेताओं के बीच बढ़ते सियासी टकराव के बीच सामने आई है।
भाषा सं जफर धीरज
धीरज