उप्र : कुशीनगर में ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

उप्र : कुशीनगर में ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

उप्र : कुशीनगर में ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत
Modified Date: May 9, 2026 / 10:01 pm IST
Published Date: May 9, 2026 10:01 pm IST

कुशीनगर, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ईंट भट्ठे पर मिट्टी निकालने से बने गड्ढे में भरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना ग्राम सभा मैनपुर के टोला दीना पट्टी स्थित एक ईंट भट्ठे की है। चार बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिर गए थे। इनमें से एक बच्ची किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही और उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे परिजन सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि ईंट भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार काम करते हैं और वहीं रहते हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बिलासपुर निवासी पंचु का पुत्र अभय (3), जांजगीर-चांपा निवासी लखन की पुत्री अनन्या (7), बिलासपुर निवासी सुखन की पुत्री अनुष्का (ढाई वर्ष) तथा स्वीटी (8) साथ खेल रहे थे।

खेलते-खेलते बच्चे ईंट बनाने के लिए मिट्टी निकालने से बने गड्ढे के पास पहुंच गए, जिसमें वर्षा का पानी भरा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, एक बच्चा गड्ढे में गिर गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाकी बच्चे भी पानी में उतर गए। इस दौरान अभय, अनन्या और अनुष्का की डूबने से मौत हो गई, जबकि स्वीटी किसी तरह बाहर निकल आई।

कसया थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रत्येक मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने विस्तृत जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में कसया के उपजिलाधिकारी को अध्यक्ष तथा क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और खनन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जांच समिति घटना की विस्तृत जांच कर तीन कार्य दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

भाषा

सं, जफर, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में