भदोही (उप्र), 11 अगस्त (भाषा) भदोही जिले में कुछ युवकों द्वारा बेटी से छेड़खानी की शिकायत करने थाने गई एक महिला से अभद्र तरीके से बात करने के आरोप में एक वरिष्ठ उप निरीक्षक को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने यहां बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें ज्ञानपुर थाने में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव एक महिला से अभद्र तरीके से बात और व्यवहार करते नजर आ रहे हैं और प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित करके अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल को पूरे मामले की विभागीय जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
त्यागी ने बताया कि महिला का आरोप है कि कुछ लोग उसकी 15 वर्षीय बेटी से अक्सर अश्लील बातें और छेड़खानी करते हैं। उन्होंने बताया कि उसकी तहरीर पर बहाल दुबे और संदीप यादव और उसके कुछ अन्य साथियों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी घर से फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला रविवार को थाने में मुकदमा दर्ज करने गई थी और उस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव ने उससे अभद्र व्यवहार किया जिसका महिला ने चुपके से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
भाषा सं सलीम धीरज
धीरज