उप्र: जेल में बंद प्रेमी से शादी की जिद को लेकर युवती ने थाने में पिया फिनाइल, हालत स्थिर

Ads

उप्र: जेल में बंद प्रेमी से शादी की जिद को लेकर युवती ने थाने में पिया फिनाइल, हालत स्थिर

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 08:39 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 08:39 PM IST

गोरखपुर, 26 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित चौरी-चौरा थाना परिसर में शनिवार शाम 22 वर्षीय एक युवती ने जेल में बंद अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर कथित तौर पर फिनाइल पी लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, फिनाइल पीने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती शनिवार को चौरी-चौरा थाने पहुंची और कहा कि वह जेल में बंद अपने प्रेमी धनंजय निषाद से शादी करना चाहती है।

पुलिस के अनुसार, उसे कई बार समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही, इसी दौरान उसने अपने बैग में रखी बोतल निकाली और फिनाइल पी लिया।

पुलिस ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी उसे तत्काल चौरी-चौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

पुलिस ने बताया कि इसी युवती ने 23 जुलाई को धनंजय निषाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि निषाद ने शादी का झांसा देकर तीन वर्ष तक उसका यौन शोषण किया।

युवती ने आरोप लगाया कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो निषाद ने अलग-अलग समुदाय से होने का हवाला देकर इनकार कर दिया।

युवती की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया था।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र