नशे में धुत व्यक्ति हॉकी स्टिक लेकर प्राथमिक स्कूल में घुसा, छात्रों को धमकाया

Ads

नशे में धुत व्यक्ति हॉकी स्टिक लेकर प्राथमिक स्कूल में घुसा, छात्रों को धमकाया

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 10:08 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) गोरखपुर में कथित रूप से एक छात्र द्वारा गाली दिये जाने के बाद शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति हॉकी स्टिक लेकर सरकारी प्राथमिकी स्कूल में घुस गया और हंगामा करने लगा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को जंगल कौड़िया इलाके के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी शैलेंद्र शराब के नशे में दोपहर के समय स्कूल परिसर में घुसा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शैलेंद्र ने छात्रों और स्टाफ को धमकाया और कहा, ”तुम्हारे एक छात्र ने मुझे गाली दी है। मैं उसे नहीं छोड़ूंगा।”

उन्होंने बताया कि जब स्कूल के शिक्षक ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, तो आरोपी और भड़क गया और हंगामा करने लगा।

स्कूल के प्रधानाध्यापक रामबदन मौर्य ने बाद में पीपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि शैलेंद्र बिना किसी उकसावे के स्कूल में घुसा और वहां मौजूद लोगों को धमकाया, जिससे छात्रों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ में दहशत फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को हिरासत में लिया।

कैंपियरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम संतोष

संतोष