उप्र: नाबालिग पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Ads

उप्र: नाबालिग पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 09:53 PM IST

लखनऊ, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दोस्ती कर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गोंडा निवासी 19 वर्षीय शोएब के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने खुद का नाम ‘सौरभ सिंह’ बताकर लड़की से संपर्क किया। आरोपी फिलहाल लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में रह रहा था।

लखनऊ पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस की ‘स्वाट’ और ‘सर्विलांस टीम’ ने साइबर अपराध तथा महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संयुक्त रूप से की।

पुलिस ने बताया कि 15 वर्षीय पीड़िता ने 10 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने ‘इंस्टाग्राम’ के जरिए उससे दोस्ती की, उसके वीडियो बनाए और बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जब लड़की ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित और भयभीत हो गई।

शिकायत के आधार पर सैरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्मांतरण प्रतिषेध अधिनियम, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी व मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे रविवार को किसान पथ के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया है और उसके पास से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

सैलून संचालक आरोपी को अदालत में पेश किया गया। पुलिस अन्य जिलों में उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

भाषा आनन्द खारी

खारी