उप्र: महोबा में एसी फटने से युवक की मौत, एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर

उप्र: महोबा में एसी फटने से युवक की मौत, एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर

उप्र: महोबा में एसी फटने से युवक की मौत, एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर
Modified Date: June 5, 2026 / 05:43 pm IST
Published Date: June 5, 2026 5:43 pm IST

महोबा, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक क्रशर प्लांट के विश्राम कक्ष में लगे एसी में विस्फोट से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना पंवारी थाना क्षेत्र के गुगौरा गांव स्थित ‘बुंदेलखंड एंटरप्राइजेज क्रशर प्लांट’ में बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे हुई।

पुलिस ने बताया कि विश्राम कक्ष में लगे एयर कंडीशनर में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसमें दो लोग घायल हो गये।

पुलिस के मुताबिक, उन्हें पंवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, चिकित्सकों ने कबरई थाना क्षेत्र के धरौन गांव निवासी प्रखर कुशवाहा (20) को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जुल्हेती गांव निवासी लालाराम (45) को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में