पीलीभीत (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाने में तैनात दो पुलिसकर्मियों का आपसी मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रविवार देर शाम दारोगा सत्यपाल और सिपाही जसवंत को निलंबित कर दिया।
उन्होंने बताया कि विभागीय जांच में दोनों पुलिसकर्मियों को अनुशासनहीनता, लापरवाही और गलत व्यवहार का दोषी पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद था। थाने में दोनों के बीच बहस बढ़ गई और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे और दोनों पुलिसकर्मी आरोपों के दोषी पाए गए।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा