अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टिफनी ने किया ताजमहल का दीदार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टिफनी ने किया ताजमहल का दीदार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टिफनी ने किया ताजमहल का दीदार
Modified Date: May 30, 2026 / 05:13 pm IST
Published Date: May 30, 2026 5:13 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

आगरा (उप्र), 30 मई (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने शनिवार को यहां अपने पति माइकल बोलस के साथ विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि टिफ़नी पूर्वाह्न लगभग 11 बजे माइकल बोलस और कुछ करीबी दोस्तों के साथ ताजमहल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे के इस दौरे के दौरान उन्होंने स्मारक परिसर के भीतर विभिन्न स्थानों पर तस्वीरें लीं।

पर्यटक गाइड रमेश दीवान ने बताया कि टिफनी ने स्मारक के इतिहास और वास्तुकला में गहरी दिलचस्पी दिखाई एवं इसके निर्माण के बारे में कई सवाल पूछे।

उन्होंने बताया कि टिफनी ने यह भी पूछा कि ताजमहल के निर्माण में इस्तेमाल किए गए पत्थर कहां से लाये गये थे।

दीवान ने बताया कि टिफनी ने ताजमहल की खूबसूरती की तारीफ की और इस अनुभव को ‘अविश्वसनीय’ बताया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि टिफनी दिल्ली से एक ‘चार्टर्ड’ विमान से आगरा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से एक होटल गईं और फिर गोल्फ कोर्स मार्ग से होते हुए ताजमहल पहुंचीं एवं पूर्वी द्वार से ताजमहल परिसर में प्रवेश किया।

उन्होंने बताया कि इस हाई-प्रोफ़ाइल दौरे के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे और अधिकारियों ने हवाई अड्डे से ताजमहल तक एक ‘हाई-सिक्योरिटी कॉरिडोर’ बनाया था।

सूत्रों ने बताया कि मार्ग पर और स्मारक के आसपास अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किये गये थे।

सूत्रों ने बताया कि ताजमहल का दौरा करने के बाद टिफनी अपने पति के साथ अपने होटल लौट गईं।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में