उप्र : गाजियाबाद में दुर्गा मंदिर से लौट रही शोभायात्रा पर पथराव, 10 लोग हिरासत में
उप्र : गाजियाबाद में दुर्गा मंदिर से लौट रही शोभायात्रा पर पथराव, 10 लोग हिरासत में
गाजियाबाद, दो मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कैला भट्टा इलाके में देवी दुर्गा के मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की एक शोभायात्रा को कथित रूप से निशाना बनाकर पथराव किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार विवाद की शुरुआत पीएसी चौक के पास उस समय हुई जब एक श्रद्धालु साजन और स्थानीय निवासी मोहम्मद जैद के बीच हल्की टक्कर हो गई। यह मामूली कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, जब 15-20 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर श्रद्धालुओं को रास्ता रोकने का आरोप लगाते हुए घेर लिया।
शिकायतकर्ता टिंकू ने आरोप लगाया कि उक्त समूह ने साजन पर हमला किया, जिसके बाद शोभायात्रा में शामिल अन्य लोगों के साथ भी झड़प हो गई। शोभायात्रा में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस हिंसक झड़प के दौरान आसपास की छतों से शोभायात्रा पर पथराव किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में गौरव, विक्की, भारत, साजन, सोनी, पूजा, भारती, सन्नो और मंशा (एक गर्भवती महिला) सभी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि चार लोग अभी भी इलाजरत हैं।
नगर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने बताया कि घटना के संबंध में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि झड़प के कारण इलाके में तनाव पैदा हो गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


