उप्र: मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश

उप्र: मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश

उप्र: मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश
Modified Date: August 18, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: August 18, 2026 5:03 pm IST

लखनऊ, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में इस मानसून में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया।

लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 18 अगस्त तक सामान्य 504.5 मिलीमीटर के मुकाबले 418 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 86.5 मिलीमीटर कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 534.8 मिलीमीटर के मुकाबले 25 प्रतिशत कम 403.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 462 मिलीमीटर के मुकाबले 439 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है।

वर्षा के आंकड़ों में जिलों के बीच काफी अंतर देखने को मिला है।

सात जिलों में सामान्य से 60 से 99 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है जबकि 30 जिले 20 से 59 प्रतिशत कम बारिश वाली श्रेणी में हैं।

वहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 प्रतिशत या अधिक बारिश दर्ज की गई है।

आईएमडी के अनुसार, छह जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

कुल 29 जिलों में बारिश सामान्य सीमा के भीतर रही।

मानसून के दौरान कई बार तेज बारिश होने के बावजूद राज्य में कुल वर्षा में कमी दर्ज की गई है।

आईएमडी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के आसपास बने दबाव के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान जताया।

विभाग के अनुसार, यह प्रणाली पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ सकती है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने 23 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।

आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की।

भाषा किशोर जफर जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में