उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में वाहन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौतश्

Ads

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में वाहन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौतश्

  •  
  • Publish Date - January 29, 2024 / 05:37 PM IST,
    Updated On - January 29, 2024 / 05:37 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 29 जनवरी (भाषा) सहारनपुर जिले में दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग पर सोमवार को एक वाहन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने राजमार्ग पर रास्ता अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) सागर जैन ने बताया कि रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र स्थित जन्धेडा समसपुर के पास आज स्नेहलता (48) और सुशीला (40) नामक महिलाएं पशुओं के लिये चारा लेकर लौट रही थीं तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं कई फुट दूर जाकर गिरी और कार उन्हें कुचलती हुई निकल गयी। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।

जैन ने बताया कि महिलाओं के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग पर रास्ता जाम कर दिया और फरार कार चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

भाषा सं सलीम खारी

खारी