लखनऊ, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद शनिवार को सबसे पहले लखनऊ के हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राय कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।
कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अजय राय ने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीमारी के दौरान शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए दी गई शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं से उन्हें नयी ऊर्जा मिली।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करें।
गौरतलब है कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय की एक मई को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि एक मई की शाम करीब छह बजे राय अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा जांच में राय के शरीर में सोडियम की कमी और रक्तचाप बढ़ा हुआ पाया गया था। तत्काल उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
अजय राय 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में वाराणसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। वह पांच बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
भाषा
आनन्द रवि कांत