लखनऊ, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक कृष्णा पासवान ने राज्य मंत्री मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में कृष्णा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
फतेहपुर जिले की खागा सीट से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान की गिनती क्षेत्र की प्रमुख दलित नेताओं में की जाती है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में समाज में बदलाव के लिये संघर्ष से राजनीति में कदम रखने वाली कृष्णा वर्ष 2022 में चौथी बार विधायक चुनी गयी हैं।
कृष्णा पासवान वर्ष 2007 में भाजपा के टिकट पर किशुनपुर सीट से पहली बार विधायक बनी थीं। उसके बाद वह वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार खागा सीट से विधायक चुनी गयीं।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में कृष्णा पासवान को शामिल किये जाने को दलितों को पार्टी से जोड़ने के मकसद से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाषा
सलीम रवि कांत