उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी, कृषि ऋण योजना शुरू की

Ads

उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी, कृषि ऋण योजना शुरू की

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 01:03 PM IST

लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जिसके तहत छोटे एवं सीमांत किसानों को छह प्रतिशत की ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण मिलेगा।

देश के पहले सहकारिता आधारित प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का परिचालन सहकार टैक्सी सहकारिता लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। भारत टैक्सी पहले से ही लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में चल रही है।

यहां एक कार्यक्रम में इस पहल को ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान उपलब्ध कराने वाला साधन बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक उनके लिए कोई सुरक्षा नहीं थी, उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया और गरीब व्यक्ति की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा गया।

उन्होंने कहा कि इस सेवा के तहत भारत टैक्सी में शामिल ड्राइवरों को कमीशन नहीं देना पड़ेगा और उन्हें पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का कवरेज मिलेगा।

आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार, भारत टैक्सी के जरिए जब एक व्यक्ति अपने वाहन पर भारत टैक्सी ब्रांड लगाता है, तो वह गर्व महसूस करेगा कि यह टैक्सी केवल यात्रियों को ले जाने के लिए नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की टैक्सी है।

उन्होंने कहा कि इस सेवा के लिए लखनऊ हवाईअड्डा, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया है।

इस पहल का विस्तार करने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी लाखों युवाओं के लिए रोजगार सृजन भी कर सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत टैक्सी का सर्वोत्तम उपयोग कर सकते हैं। प्रस्तावित ग्रामीण बस सेवा को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जा सकता है।’’

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्रामीण विकास बैंक के जरिए दीर्घकालीन ऋण महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य आने वाले वर्षों में पांच लाख छोटे एवं सीमांत किसानों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

भाषा किशोर राजेंद्र मनीषा

मनीषा