बहराइच, 31 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के जंगल में मंगलवार सुबह करीब 25 वर्षीय एक मादा हाथी का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अभयारण्य के घने जंगल के भीतर बिछिया बीट में गश्त पर निकले वन विभाग के अधिकारियों को एक मादा हाथी का शव नजर आया।
उन्होंने बताया कि तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और वनकर्मियों ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर ही मानक संचालन प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमार्टम कराया गया और विसरा सुरक्षित कर शव को जांच के लिये बरेली स्थित भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेज दिया गया।
दीक्षित ने बताया कि शव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल पर ही अधिकारियों की मौजूदगी में दफना दिया गया।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट व शव को देखने से ऐसा लग रहा था कि मादा हाथी की मौत करीब 10 दिन पहले हुई होगी और घटना में किसी प्रकार का इंसानी हस्तक्षेप नहीं प्रतीत होता दिखाई दिया।
दीक्षित ने बताया कि मौत का कारण बीमारी या वन्यजीवों की आपसी लड़ाई हो सकता है।
उन्होंने बताया कि फिर भी मौत के निश्चित कारण का का पता पैथालोजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद से वन विभाग ने जंगल में गश्त बढ़ा दी है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र