बहराइच (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बहराइच जिले में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य की 237 ग्राम ‘स्मैक’ बरामद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीपुर थाना पुलिस और एसएसबी की 59वीं वाहिनी की संयुक्त टीम बुधवार तड़के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में जांच कर रही थी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान मोतीपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया चौराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 237 ग्राम ‘स्मैक’ (नशीला पदार्थ) बरामद हुई।
श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के मेढ़किया पौण्डा गांव निवासी इसरार (36) के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी उक्त मादक पदार्थ को भारत से नेपाल की ओर ले जा रहा था। उन्होंने बताया कि बरामद ‘स्मैक’ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं जफर सुरभि
सुरभि