पीलीभीत, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बुधवार सुबह नारायन ठेर गांव के पास सराय सुंदरपुर नहर में एक मादा तेंदुए का शव बरामद किया गया।
प्रभागीय वन अधिकारी (सामाजिक वानिकी) भरत कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तेंदुए के शव को नहर से बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि करीब 18 माह की इस मादा तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृत्यु के वास्तविक कारण का पता रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सक दक्ष गंगवार ने बताया कि तेंदुए के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए नमूने भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान-बरेली भेजे गए हैं, जहां उनकी जांच की जाएगी।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत