इटावा (उत्तर प्रदेश), 12 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पांच महीने की बेटी को मां की गोद से छीनकर कथित तौर पर फेंक दिया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि को बिहारीपुरा गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नारायण कथित तौर पर शराब के नशे में घर लौटा और पत्नी मोहिनी उर्फ प्रियंका को गाली देने के बाद मारपीट करने लगा।
पुलिस ने बताया कि जब पत्नी ने उसे शांत रहने और बच्चों के सो रहे होने की बात कही, तो विवाद और बढ़ गया और हिंसा में बदल गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने कथित रूप से पहले अपने तीन वर्षीय बेटे शिवांश को खाट से उठाकर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया, और फिर पांच महीने की बेटी दिव्यांशी को पत्नी की गोद से छीनकर जोर से फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि बच्ची दीवार से टकरा गई और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं तथा सिर व कान से खून बहने लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आवाज सुनकर ग्रामीण घर के बाहर इकट्ठा हो गए, जबकि आरोपी फरार हो गया।
पुलिस सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मोहिनी ने पुलिस को बताया कि उसने 2022 में अपने पहले पति सतीश की ट्रेन दुर्घटना में मौत के बाद 2023 में नारायण से शादी की थी। उसने आरोप लगाया कि नारायण एक अन्य महिला के साथ संबंध के चलते अक्सर उसकी पिटाई करता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब