मुंबई, 27 जून (भाषा) अक्षय कुमार अभिनीत कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने रिलीज के पहले दिन विश्वभर के बॉक्स ऑफिस पर 27.60 करोड़ रुपये की कमाई की। निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अहमद खान द्वारा निर्देशित और स्टार स्टूडियो18, बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप, केप ऑफ गुड फिल्म्स तथा सीता फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म ने भारत में अनुमानित 22.90 करोड़ रुपये की कुल कमाई की, जिसमें 4.07 करोड़ रुपये ‘पेड प्रीव्यू’ (रिलीज से पहले टिकट खरीदकर विशेष शो देखने) से कमाए। वहीं, विदेशी बाजार से 4.70 करोड़ रुपये का योगदान रहा, जिससे इसकी वैश्विक कुल कमाई 27.60 करोड़ रुपये हो गई।
निर्माताओं ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शानदार शुरुआत हुई है। अक्षय कुमार की इस कॉमेडी फिल्म ने पहले दिन दुनिया भर में 27.60 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो यह साबित करता है कि पारिवारिक मनोरंजन फिल्में आज भी दर्शकों को एक साथ जोड़ने में सक्षम हैं।’
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ‘वेलकम’ श्रृंखला की तीसरी फिल्म है, जो ‘वेलकम’ (2007) और ‘वेलकम बैक’ (2015) के बाद आई है। यह फिल्म अक्षय कुमार की इस श्रृंखला की फिल्मों में वापसी भी दर्शाती है, क्योंकि वह ‘वेलकम बैक’ का हिस्सा नहीं थे।
अक्षय कुमार अभिनीत इस फिल्म में 30 से अधिक सितारों ने काम किया है, जिनमें सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े शामिल हैं।
भाषा तान्या गोला
गोला