आप लाखों युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं: गोयल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सराहना की

Ads

आप लाखों युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं: गोयल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सराहना की

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 04:30 PM IST

लंदन, 27 जून (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के ‘करो या मरो’ जैसे अहम मुकाबले से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम देश की ‘लाखों लड़कियों और बच्चों’ के लिए प्रेरणा बन चुकी है।

भारत को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए यह मुकाबला जीतना अनिवार्य है।

ब्रिटेन दौरे पर भारत–ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए पहुंचे गोयल ने कहा, “आप देश की लाखों लड़कियों और बच्चों को प्रेरित कर रही हैं।”

उन्होंने शुक्रवार रात लंदन स्थित ‘इंडिया हाउस’ में टीम के लिए आयोजित विशेष स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया।

गोयल ने कहा, “आज के समय में खेल भी देशों के आपसी सहयोग और व्यापारिक समझौतों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनते जा रहे हैं। हम खेल क्षेत्र में साझेदारी, कोचिंग तथा अन्य सहयोग के तरीकों पर काम कर रहे हैं, ताकि देशभर के अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।”

भारतीय क्रिकेट के बढ़ते कद की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “ब्रिटेन क्रिकेट की जन्मभूमि रहा है, लेकिन आज भारत क्रिकेट खेलने वाले सबसे प्रमुख देशों में उभरकर सामने आया है। यह उपलब्धि और देश को मिली इस प्रतिष्ठा के लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं।”

इस अवसर पर भारत के उच्चायुक्त पी. कुमरान ने टीम का स्वागत किया, जबकि उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे ने खिलाड़ियों के साथ संवाद सत्र का संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उन्हें दबाव में प्रदर्शन करना पसंद है। उन्होंने कहा, “जब मैं मैदान पर अपने खेल का आनंद लेती हूं तो मैं अधिक सहज महसूस करती हूं। मुझे दबाव में खेलना पसंद है।”

भाषा

आनन्द

आनन्द