उप्र : हापुड़ में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गोलीबारी और पथराव में महिला समेत चार घायल
उप्र : हापुड़ में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गोलीबारी और पथराव में महिला समेत चार घायल
हापुड़, चार सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बदनौली गांव में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गोलीबारी और पथराव की घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ नगर थाना क्षेत्र के मोदीनगर रोड पर हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने संवाददाताओं को बताया कि गांव में अब स्थिति नियंत्रण में है और अगले आदेश तक वहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद करीब दो साल पहले एक जिम में हुई कहासुनी से शुरू हुआ था।
पुलिस के अनुसार दीपक उर्फ गोलू के गोली लगी, जबकि मनीष, बंटी और मुनीश (महिला) पथराव में घायल हुए। सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मनीष, बंटी और महिला को मेरठ भेजा गया।
मेरठ के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित की हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


