कुशीनगर, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में परीक्षा देने जा रहे एक युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे तुर्कपट्टी क्षेत्र के नकटहा बसडीला-बलडीहा मार्ग पर हुई।
मृतक की पहचान कुबेरस्थान क्षेत्र के बड़ा सिकटा गांव निवासी 22 वर्षीय अनुज कुमार सिंह उर्फ बादल के रूप में हुई है। वह बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे।
जानकारी के अनुसार, अनुज सोमवार सुबह स्कूटी से अपने मामा के लड़के ओम सिंह को लेकर परीक्षा देने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के पास नकटहा बसडीला-बलडीहा मार्ग पर ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी स्कूटी की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ओम को हल्की चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से अनुज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है और चालक की तलाश जारी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत