कभी ‘बीमारू’ कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर : मोदी

कभी 'बीमारू' कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर : मोदी

कभी ‘बीमारू’ कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर : मोदी
Modified Date: April 29, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: April 29, 2026 3:07 pm IST

( तस्वीरों सहित )

हरदोई (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को असीमित क्षमताओं वाला प्रदेश करार देते हुए बुधवार को कहा कि कभी पिछड़ा और ‘बीमारू’ कहा जाने वाला यह राज्य अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने जैसे बड़े लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने हरदोई के मल्लावां में 594 किलोमीटर लम्बे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद अपने सम्बोधन में उत्तर प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में हरदोई से भी किसी एक्सप्रेसवे के गुजरने की कल्पना नहीं की जा सकती थी लेकिन यह काम सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में ही सम्भव हुआ है।

उन्होंने कहा, ”पहले उत्तर प्रदेश को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था लेकिन आज यह प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह बहुत बड़ा लक्ष्य है लेकिन इसके पीछे उतनी ही बड़ी तैयारी भी है क्योंकि उत्तर प्रदेश के पास असीम क्षमता है। देश की इतनी बड़ी युवा आबादी की क्षमता उत्तर प्रदेश के साथ है। इसका इस्तेमाल हम उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, ”उत्तर प्रदेश ने पुरानी सियासत को भी बदला है और नई पहचान भी बनाई है।”

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश आयेगा तो नए उद्योग और कारखाने लगेंगे और तब आर्थिक प्रगति के दरवाजे खुलने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, इसी विजन को केंद्र में रखकर बीते वर्षों में लगातार काम हुआ है।

उन्होंने कहा, ”आप सब खुद भी महसूस कर रहे हैं कि जिस उत्तर प्रदेश की पहचान पहले पलायन से होती थी, आज उसे इन्वेस्टर्स समिट और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए जाना जा रहा है।आज अगर भारत दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता है तो उसमें उत्तर प्रदेश की बहुत बड़ी भूमिका है।

मोदी ने डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का औद्योगिक विकास भारत की सामरिक ताकत भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी डिफेंस कंपनियों के अपने कारखाने लगाने से छोटे—छोटे उपकरण बनाने वाले कुटीर, लघु एवं मंझोले उद्योगों को भी बहुत बड़ा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढों से होती थी लेकिन आज वही प्रदेश देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे वाला प्रदेश बन चुका है, आज उत्तर प्रदेश में पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों समेत 21 हवाई अड्डे हैं।

प्रधानमंत्री ने नव लोकार्पित गंगा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि मात्र पांच साल के अंदर बनकर तैयार हुए इस मार्ग के विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है और जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि इसके और बेहतर उपयोग के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण कर इसे अन्य एक्सप्रेस वे से भी जोड़ा जाएगा।

मोदी ने कहा कि अब वह दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय पर लोकार्पण भी हो करके रहता है, इसीलिए आज उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेस वे से भी ज्यादा रफ्तार कहीं है तो यूपी के विकास की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे केवल एक हाई स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि यह नई संभावनाओं, नए सपनों और नए अवसरों का गेटवे भी है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस से जुड़ने वाले उत्तर प्रदेश के 12 जिलों और उनके आसपास के अन्य जनपदों के करोड़ों लोगों का जीवन बदलेगा।

मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से किसानों तथा अन्य उत्पादकों को कम समय में बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी, खेती के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार होगा नतीजतन किसानों की आमदनी बढ़ेगी। साथ ही नए उद्योग आने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।

भाषा सलीम जफर मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में