उप्र : शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने के खिलाफ प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी

Ads

उप्र : शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने के खिलाफ प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 10:00 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 10:00 PM IST

शाहजहांपुर, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शहीदों की प्रतिमाएं बुलडोजर से तोड़े जाने के विरोध में सोमवार को नौवें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस की जिला इकाई के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और उसका पुतला फूंका।

गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के दौरान वे उनसे मिलकर यह जानना चाहेंगे कि दोषियों के खिलाफ अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व नगर आयुक्त ने नयी प्रतिमाएं लगाने का वादा किया था, लेकिन बाद में खंडित पुरानी प्रतिमाएं ही स्थापित कर दी गईं। साथ ही नयी प्रतिमाएं लगाने और शहीद परिवार के सदस्य को शामिल करते हुए समिति बनाने का आश्वासन भी अधूरा रह गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्रा का स्थानांतरण कर दिया गया है और उनकी जगह सौम्या गुरुरानी को नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नए अधिकारी के आने से मामले की जांच और कार्रवाई में देरी हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित शहीद अशफाक उल्ला खान, रोशन लाल और पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमाएं हाल ही में बुलडोजर से तोड़ दी गई थीं, जिससे व्यापक नाराजगी फैल गई थी। मामले में कार्यदायी संस्था के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नगर निगम के कनिष्ठ और सहायक अभियंताओं को निलंबित किया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत