शाहजहांपुर (उप्र), 30 जून (भाषा) शाहजहांपुर में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हमले में उपनिरीक्षक अक्षय कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने आरोपी विशाल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने बताया कि थाना सदर बाजार में एक युवती से शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाने के मामले में आरोपी विशाल शर्मा की तलाश थी। रविवार रात शाहजहांपुर और पुवायां पुलिस ने उसके गांव भुरखेड़ा में दबिश दी।
एएसपी ने बताया कि उपनिरीक्षक अक्षय कुमार ने आरोपी के घर का दरवाजा खुलवाया। उन्होंने बताया कि दरवाजा खुलते ही आरोपी ने उन पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया।
उपनिरीक्षक अक्षय कुमार ने थाना पुवायां में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घायल उपनिरीक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द वैभव
वैभव