मारकेज ने विश्व कप के विस्तार की आलोचना की, भारत से जमीनी स्तर पर ध्यान देने को कहा

Ads

मारकेज ने विश्व कप के विस्तार की आलोचना की, भारत से जमीनी स्तर पर ध्यान देने को कहा

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 04:02 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 04:02 PM IST

(तपन मोहंता)

कोलकाता, 17 जुलाई (भाषा) स्पेन के रहने वाले भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कोच मनोलो मारकेज ने फीफा विश्व कप के विस्तार की आलोचना की और साथ ही कहा कि भारत जैसे देशों को आगे बढ़ने के लिए खेल को जमीनी स्तर पर विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

अमेरिका में चल रहे मौजूदा विश्व कप में 48 टीम में भाग ले रही है जबकि 2030 में होने वाले टूर्नामेंट में 64 टीम को शामिल करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इस विश्व कप की मेजबानी छह देश करेंगे जिनमें मोरक्को, पुर्तगाल और स्पेन मुख्य मेजबान हैं। इसके अलावा पहले तीन मैच दक्षिण अमेरिका (अर्जेंटीना, पराग्वे और उरुग्वे) में होंगे।

मारकेज ने बार्सीलोना से पीटीआई से कहा, ‘‘भारतीय मूल के विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने पर भारत अच्छे परिणाम हासिल कर सकता है लेकिन मुझे लगता है कि उसे जमीनी स्तर पर ध्यान देने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बांग्लादेश सही दिशा में काम कर रहा है। बांग्लादेश हर श्रेणी में लगातार बेहतर हो रहा है। भारत को आयु वर्ग के टूर्नामेंट और युवा खिलाड़ियों पर ध्यान देना चाहिए।’’

मारकेज भारतीय टीम के साथ लंबे समय तक नहीं रह पाए क्योंकि भारत उनके रहते हुए आठ मैचों में केवल एक जीत हासिल करने में कामयाब रहा। उन्होंने जुलाई 2025 में पद छोड़ दिया था।

मारकेज ने विश्व कप में टीमों की संख्या बढ़ाए जाने की आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मेरी राय अन्य लोगों से भिन्न है। मुझे यह विश्व कप पसंद नहीं है। मुझे लगता है कि अधिक टीमों का मतलब कम गुणवत्ता है। यह मेरी राय है, लेकिन यह फीफा का मामला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि अगले विश्व कप में या फिर उसके बाद होने वाले विश्व कप में 64 टीम भाग लेंगी। अगर यही आलम रहा तो एक दिन सभी 200 देश विश्व कप में भाग लेंगे।’’

भाषा

पंत मोना

मोना