प्रतापगढ़ (उप्र), 20 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पॉक्सो अधिनियम के तहत अपहरण और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर उस समय हमला किया जब पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में चिकित्सा परीक्षण के लिए ले जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को आरोपी गुलजार अहमद पर हुए कथित हमले के सिलसिले में बुधवार को 10-12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) आलोक कुमार ने बताया कि यह घटना मंगलवार को हुई जब पुलिस एक नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार के आरोपी गुलजार अहमद को चिकित्सा जांच के लिए ले जा रही थी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान 10-12 अज्ञात लोगों ने आरोपी पर हमला करने के लिए उसे पुलिस के वाहन से बाहर खींचने का प्रयास किया और रोकने की कोशिश करने पर पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
कुमार ने बताया, ‘‘पुलिस तत्काल हालात पर काबू पा लिया और आरोपी की चिकित्सा जांच कराने के बाद उसे अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।’’
कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने बुधवार को 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
भाषा सं सलीम धीरज
धीरज