प्रतापगढ़ में फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी के दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

प्रतापगढ़ में फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी के दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 12:29 AM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 12:29 AM IST

प्रतापगढ़ (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी, ट्रेडिंग धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए फर्जी कंपनियों और बैंक खातों का इस्तेमाल करके साइबर धोखाधड़ी गिरोह चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा ने पटना में रहने वाले और मूल रूप से वाराणसी के निवासी शकीब खान और पटना के ही बंदर बगीचा के रहने वाले संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, छह पेन ड्राइव, एक कार्ड रीडर और कई बैंकों की चेक बुक बरामद की हैं।

कुमार ने बताया कि ‘बड़ौदा यूपी बैंक’ की मोहनगंज शाखा के एक खाते से साइबर धोखाधड़ी के जरिये ढाई लाख रुपये निकाले जाने की शिकायत 16 जुलाई को दर्ज होने के बाद जांच शुरू हुई थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान एक संगठित साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पता चला।

उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी से हासिल किये गये धन को अंतरित करने के लिए फर्जी कंपनियों, बैंक खातों, सिम कार्ड और ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया जाता था।

सूत्रों ने बताया कि जांच में 42.65 करोड़ रुपये की संदिग्ध धोखाधड़ी और अलग-अलग बैंकों में 109 खातों के सक्रिय होने का पता चला है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सं. सलीम गोला

गोला