हमीरपुर (उप्र), सात मई (भाषा) हमीरपुर जिले में यमुना नदी में एक नाव पलटने के बाद पांच बच्चों और एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने शव बरामद किए। मृतकों की पहचान आकांक्षा (9), रानी (9), बृजरानी (25), लाभयांश (5), महेश (6) और आदित्य (11) के रूप में हुई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार शाम यमुना नदी में एक नाव पलट गई जिसके बाद उस पर सवार नौ लोग डूबने लगे। उन्होंने बताया कि नाव चला रहे धीरू नामक किशोर ने तीन लोगों को बचा लिया लेकिन आकांक्षा, रानी, बृजरानी, लाभयांश, महेश और आदित्य डूब गए। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि बचाव टीमों ने बाद में आकांक्षा, लाभयांश, महेश, रानी और बृजरानी के शव बरामद कर लिए जबकि आदित्य का शव बृहस्पतिवार देर शाम बरामद हुआ। इससे पहले उन्होंने बताया था कि सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा। कुरारा के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य के निर्देश दिए हैं।भाषा सं सलीम जफर जोहेबजोहेब