कुशीनगर, 21 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार देर रात तेज रफ्तार एक अनियंत्रित जीप के पेड़ से टकराने की दुर्घटना में वाहन में सवार दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के सपही बुजुर्ग गांव के रहने वाले झगरु शर्मा, उमेश शर्मा, कृष्णा शर्मा और राहुल गौंड सोमवार देर शाम एक अन्य व्यक्ति को गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराने के लिए निकले थे।
पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चारों लोग जीप से घर लौट रहे थे कि तभी करीब साढ़े तीन बजे थरुआडीह के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराया।
पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में उमेश शर्मा (55) व झगरू शर्मा (45) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कृष्णा शर्मा (18) और राहुल गौंड (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों घायलों को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस निरीक्षक रामसहाय चौहान ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र