उप्र: तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
उप्र: तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
मुरादाबाद, 10 जुलाई (भाषा)उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी कस्बे में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे बिलारी कस्बे में ग्रीनवुड फार्म हाउस के पास उस समय हुआ, जब तीनों लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम स्थल का रास्ता पूछने के बाद जब वे डिवाइडर के रास्ते राजमार्ग पार करने का प्रयास कर रहे थे कि तभी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान पड़ोसी संभल जिले के बेहटा खास गांव निवासी नेम सिंह (50) और अजब सिंह (26) के रूप में हुई है।
वहीं, घायल अवधेश सिंह (45) की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरादाबाद जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सहसपुर गांव स्थित नारायण फार्म हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था और टक्कर के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


