स्वाइन फ्लू को लेकर उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: ब्रजेश पाठक

स्वाइन फ्लू को लेकर उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: ब्रजेश पाठक

स्वाइन फ्लू को लेकर उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: ब्रजेश पाठक
Modified Date: August 24, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: August 24, 2026 10:24 pm IST

लखनऊ, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्य में स्वाइन फ्लू, मौसमी बुखार और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के सोमवार को निर्देश दिए।

पाठक ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र जारी कर स्वाइन फ्लू, मौसमी बुखार और वायरल फीवर के मामलों की लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों पर पैनी नजर रखी जाए और अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों की स्थिति की नियमित निगरानी और आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, जांच एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी लगातार समीक्षा की जाए।

उपमुख्यमंत्री ने जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

पाठक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू तथा अन्य प्रकार के बुखार को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और स्वास्थ्य विभाग स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक भय से बचना चाहिए।

पाठक ने अस्पतालों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसमी बुखार और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में मरीजों की सतत निगरानी और उपचार व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

भाषा सलीम आशीष

आशीष


लेखक के बारे में