जालौन, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि वह और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए बृहस्पतिवार रात भर दौरा करते रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, उरई के उमरार खेड़ा मोहल्ले की रहने वाली सुखदेवी (55) और कोतवाली क्षेत्र के बजीदा गांव के मूलचंद (60) की बृहस्पतिवार रात तेज आंधी से जुड़ी घटनाओं में मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार की राहत नीति के तहत प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक क्षति रिपोर्ट के अनुसार, तेज आंधी में सात लोग घायल हुए हैं, 23 पशुओं की मौत हुई है तथा 45 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए 12.88 लाख रुपये से अधिक की राहत सहायता प्रस्तावित की गई है।
जिलाधिकारी ने सरकारी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्बाध आपातकालीन सेवाएं, पर्याप्त दवाएं, बिस्तर, बिजली और आवश्यक मानव संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व, स्वास्थ्य, बिजली, पुलिस और नगर निकाय विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने बताया कि तेज आंधी के कारण कई बिजली के खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनकी मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
प्रशासन ने कहा कि जिले में स्थिति नियंत्रण में है और राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी हैं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत