उप्र: सिद्धार्थनगर में पति को जिंदा जलाने के आरोप में पत्नी सहित दो लोग गिरफ्तार
उप्र: सिद्धार्थनगर में पति को जिंदा जलाने के आरोप में पत्नी सहित दो लोग गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर, 27 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पति को जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के पीछे का कारण कथित तौर पर अवैध संबंध है और पीड़ित का बस्ती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के मुताहिक, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी 28 वर्षीय लालजी गौतम की शादी करीब आठ साल पहले बस्ती के रुधौली क्षेत्र के सुगिया गांव की पूजा गौतम से हुई थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र सात और चार साल है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा का गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र के बगही बारी गांव निवासी फिरोज से प्रेम संबंध था और आरोपी फिरोज पिछले करीब दो साल से पूजा का जीजा बनकर घर आता-जाता था इसलिए किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया घटना 21 मई की रात उस समय की है, जब पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए चारपाई से बांधा और ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक, आग की लपटों में घिरे लालजी की चीख सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (डुमरियागंज) बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि घायल के पिता घम्मल प्रसाद गौतम की तहरीर पर फिरोज और पूजा गौतम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(2) वी, अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


