पीलीभीत (उप्र), 28 जून (भाषा) पीलीभीत जिले में एक कपड़ा व्यापारी की हत्या के मामले में वांछित 1.75 लाख रुपये का इनामी बदमाश पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुकीर्ति माधव मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि बदमाश की पहचान शिवम उर्फ सर्वजीत (23) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात करीब 10 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला मुख्यालय से लगभग 58 किलोमीटर दूर शीतलपुर गांव के पास घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान सर्वजीत और उसका एक साथी मोटरसाइकिल से जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खुद को घिरता देख सर्वजीत ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की दो गोलियां उसके सीने में जा लगीं, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा।
उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि सर्वजीत पीलीभीत के कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में वांछित था। पुलिस पिछले एक महीने से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 1.75 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि एक गोली बिलसंडा थाना प्रभारी जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
उन्होंने बताया कि सर्वजीत का एक साथी फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सर्वजीत के खिलाफ पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और आसपास के जिलों में दो हत्या समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज थे।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी