शादी से एक दिन पहले युवती ने की जहर खाकर खुदकुशी

शादी से एक दिन पहले युवती ने की जहर खाकर खुदकुशी

शादी से एक दिन पहले युवती ने की जहर खाकर खुदकुशी
Modified Date: February 10, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: February 10, 2026 9:00 pm IST

कौशांबी (उप्र), 10 फरवरी (भाषा) कौशांबी जिले के सराय अकिल क्षेत्र में एक युवती ने अपनी शादी के एक दिन पहले कथित रूप से जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सराय अकिल थाना क्षेत्र के जवाहरगंज गांव के रहने वाले फूलचंद की बेटी सिंपल (23) की मंगलवार को बारात आनी थी लेकिन उससे ऐन पहले दुल्हन की आत्महत्या से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने बताया कि गोंडा जिले में सिपाही के पद पर तैनात अनिल और सिंपल की सगाई पिछले साल दिसंबर में हुई थी।

मृतका के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मंगेतर अनिल ने शादी से पहले अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए शादी तोड़ दी और इसी वजह से उनकी बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं, कुमार ने बताया कि अनिल को पता लगा था कि उसकी होने वाली पत्नी सिंपल के अंकित नामक व्यक्ति से संबंध हैं जिसके बाद अनिल ने जब सिंपल से इस बारे में पूछा, तो उसने इसकी पुष्टि कर दी और इस बात को लेकर अनिल ने शादी तोड़ दी।

उन्होंने बताया कि सिंपल का कथित प्रेमी अंकित पिछले कई दिनों से अनिल को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर और फोन करके धमका रहा था और दावा कर रहा था कि उसका सिंपल से पिछले छह साल से प्रेम प्रसंग है इसलिये अनिल उससे शादी ना करे।

कुमार ने बताया कि अनिल ने अंकित से अपने दावे के समर्थन में सुबूत मांगे थे और बाद में उसने अंकित के खिलाफ गत रविवार को मुकदमा भी दर्ज कराया था।

सूत्रों ने बताया कि इसी बीच, सिंपल ने सोमवार/मंगलवार की दरमियानी रात को घर में रखी चूहेमार दवा खा ली जिसके बाद परिजन उसे गम्भीर हालत में प्रयागराज के एस.आर.एन. अस्पताल ले गये, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

भाषा सं. सलीम नोमान

नोमान


लेखक के बारे में