देवरिया में दो परिवार के मामूली विवाद में एक महिला की मौत
देवरिया में दो परिवार के मामूली विवाद में एक महिला की मौत
देवरिया (उप्र), छह फरवरी (भाषा) देवरिया जिले के तरकुलवा इलाके में भैंस बांधने की रस्सी को लेकर हुए मामूली विवाद ने दो भाइयों के परिवारों के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना फरेन्दाहा गांव में हुई, जब बाबूलाल यादव अपने पुराने घर से टोकरियों में मिट्टी भरकर नए बन रहे घर पर ले जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, बाबूलाल के छोटे भाई नरसिंह यादव की एक भैंस रास्ते में बंधी हुई थी और भैंस की रस्सी छोटी करने को लेकर दोनों परिवारों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि झड़प के दौरान, नरसिंह के बेटे गौतम की पत्नी सीमा (35) पर कथित तौर पर फावड़े से हमला किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘सीमा को सिर में गंभीर चोट लगी और उसे तुरंत पत्थरदेवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर हालत के कारण, उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
अधिकारियों ने बताया कि नरसिंह यादव को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
तरकुलवा थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘शांति बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।’’
भाषा सं जफर रंजन शफीक
शफीक

Facebook


