पति पर तेजाब फेंकने वाली महिला को उम्रकैद

Ads

पति पर तेजाब फेंकने वाली महिला को उम्रकैद

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 09:25 PM IST

संभल, एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले की एक त्वरित अदालत ने पति पर तेजाब फेंकने की दोषी महिला को सोमवार को उम्रकैद की सजा सुनाई और उस पर 1.75 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।

महिला ने अपने पति पर उस समय तेजाब फेंका था, जब वह गहरी नींद में सो रहा था। इस घटना में पीड़ित का चेहरा विकृत हो गया था और उसकी दोनों आंखों की रोशनी भी चली गई थी।

चंदौसी के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (त्वरित अदालत) गोपाल जी ने मामले में आरोपी कहकशां (30) को 27 मई को दोषी करार देते हुए सजा के एलान के लिए सोमवार की तारीख तय की थी।

विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र कुमार यादव के मुताबिक, घटना सात मार्च 2025 को नखासा थाना क्षेत्र में हुई थी, जब कहकशां ने अपने पति मुजफ्फर (35) पर हत्या के इरादे से उस समय तेजाब फेंका था, जब वह गहरी नींद में सो रहा था।

यादव के अनुसार, तेजाब हमले में मुजफ्फर का पूरा चेहरा विकृत हो गया और उसकी दोनों आंखों की रोशनी भी चली गई। उन्होंने बताया कि कहकशां के विवाहेतर संबंध थे और वह मुजफ्फर से तलाक लेना चाहती थी, लेकिन मुजफ्फर इसके लिए तैयार नहीं था।

यादव ने बताया कि अदालत ने अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कहकशां को उम्रकैद की सजा सुनाई और उस पर 1.75 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल