लखनऊ, 28 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सेशेल्स गणराज्य के प्रतिष्ठित ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सेशेल्स गणराज्य द्वारा ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ का प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई। यह सम्मान आपके दूरदर्शी नेतृत्व तथा सतत विकास, जलवायु स्थिरता, ब्लू इकोनॉमी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता की वैश्विक पहचान का प्रतीक है।’
उन्होंने कहा, ‘आपका नेतृत्व वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ा रहा है और दुनिया को सतत एवं समृद्ध भविष्य की दिशा में प्रेरित कर रहा है।’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रविवार को सेशेल्स सरकार ने पर्यावरण संरक्षण तथा छोटे द्वीपीय विकासशील देशों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। इसके साथ ही यह किसी दूसरे देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया गया 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए सेशेल्स का आभार व्यक्त करते हुए इसे जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना कर रहे देशों को समर्पित किया।
भाषा सलीम खारी
खारी