(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, 28 जून (भाषा) भारत-चीन के बीच संबंधों को सामान्य बनाने के लिए जारी प्रयासों के मद्देनजर बीजिंग में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है।
यह बैठक दूतावास की मंत्री श्वेता सिंह और शिन्हुआ के विदेश मामलों एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग विभाग के उप महानिदेशक वांग जियानक्सिन के बीच हुई।
भारतीय दूतावास ने रविवार को एक तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चौबीस जून 2026 को, दूतावास के अधिकारियों ने बीजिंग में अपने मुख्यालय में शिन्हुआ समाचार एजेंसी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने इस बैठक को चीनी मीडिया के साथ जुड़ाव बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा बताया।
दोनों देश वर्तमान में 2020 में पूर्वी लद्दाख संघर्ष के बाद संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया में हैं। उस घटना के बाद दोनों देशों के संबंधों में तल्खी आ गई थी।
फिलहाल दोनों देशों ने कैलाश-मानसरोवर यात्रा, वीजा और उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं।
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने पिछले हफ्ते नयी दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के साथ अपनी बैठक के दौरान दोनों देशों से मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का आह्वान किया था।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश