लेबनान में इजराइल के हमलों में 16 लोग मारे गए

लेबनान में इजराइल के हमलों में 16 लोग मारे गए

लेबनान में इजराइल के हमलों में 16 लोग मारे गए
Modified Date: June 20, 2026 / 08:09 pm IST
Published Date: June 20, 2026 8:09 pm IST

तायर (लेबनान), 20 जून (एपी) युद्धविराम समझौते की खबरों के कुछ ही घंटों बाद, शनिवार को दक्षिणी लेबनान में इज़राइल के हमलों में दो बच्चों सहित कम से कम 16 लोग मारे गए।

इस तरह लेबनान में युद्ध के जारी रहने से ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए हुआ अंतरिम समझौता खतरे में पड़ गया है।

इस बीच, ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने लेबनान में इजराइल द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों का हवाला देते हुए कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य फिर से बंद कर दिया गया है।

वहीं, ईरान के सरकारी टेलीविज़न ने शनिवार को कहा कि देश की वार्ताकार टीम युद्ध संबंधी अंतरिम समझौते पर अमेरिका के साथ बातचीत करने स्विट्ज़रलैंड जा रही है।

लेबनान की नेशनल न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि हमलों में दक्षिणी शहर नबातीयेह और आस-पास के गांवों को निशाना बनाया गया। इसने कहा कि कम से कम सात लोग मलबे में दबे हैं।

शुक्रवार को इजराइल और चरमपंथी समूह हिज़्बुल्ला के बीच भीषण लड़ाई में लेबनान में कम से कम 47 लोगों और चार इज़राइली सैनिकों के मारे जाने के बाद मध्यस्थ इस लड़ाई रोकने की कोशिश में जुटे हैं।

इजराइली सेना के एक अधिकारी ने बताया कि हिज़्बुल्ला ने रात भर में दक्षिणी लेबनान में इज़राइली सेना पर 50 से ज़्यादा रॉकेट दागे, जिसके बाद सेना ने चरमपंथी गुट को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

शुक्रवार को वाशिंगटन में इज़राइल के राजदूत येचिएल लीटर ने ‘एक्स’ पर कहा कि अगर हिज़्बुल्ला समझौते का पालन करता है और हमले बंद कर देता है, तो इजराइल ‘‘तत्काल युद्धविराम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध’’ है।

वहीं, हिज़्बुल्ला ने सार्वजनिक बयान में कहा कि अगर इजराइल युद्धविराम का पालन करता है तो वह भी ऐसा ही करेगा।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइल और चरमपंथी समूह हिज्बुल्ला के बीच हालिया युद्ध में अब तक 4,000 से अधिक लोग मारे गए हैं।

एपी

नेत्रपाल पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में