किंशासा (कांगो), 27 फरवरी (एपी) कांगो के अधिकारियों और एक नागरिक संगठन ने बृहस्पतिवार को बताया कि पूर्वी कांगो में उस स्थान पर सामूहिक कब्रें मिली हैं जहां से एम23 विद्रोही समूह हाल में पीछे हटा था।
हालांकि, अमेरिका की मध्यस्थता से हुए शांति समझौते के बावजूद क्षेत्र में लड़ाई तेज हो गई है।
दक्षिण-किवू प्रांत के गवर्नर जैक्स पुरूसी ने कहा कि अधिकारियों को पूर्वी शहर उविरा के बाहरी इलाके में किरोमोनी और कविमविरा इलाकों में दो सामूहिक कब्रें मिली हैं जिनमें कम से कम 171 शव दफनाए गए थे।
पुरुसी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को फोन पर बताया, ‘‘हमने दो स्थलों की पहचान की है: एक सामूहिक कब्र जिसमें लगभग 30 शव हैं, जो किरोमोनी में स्थित है और कांगो की ओर बुरुंडी सीमा से ज्यादा दूर नहीं है और दूसरी सामूहिक कब्र काविमविरा में है जहां 141 शव मिले हैं।’’
एसोसिएटेड प्रेस इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका और एम23 के प्रवक्ता ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
स्थानीय नागरिक संगठन ‘लोकल नेटवर्क फॉर द प्रोटेक्शन ऑफ सिविलियंस’ के कार्यकारी सचिवालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह सामूहिक कब्रों का दौरा करना चाहते थे लेकिन कांगो की सेना ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।
संगठन के उपाध्यक्ष यवेस रामधानी ने कहा कि अब तक मिली जानकारी से संकेत मिलता है कि इन लोगों की हत्या एम23 विद्रोहियों ने की थी।
एपी सुरभि गोला
गोला