क्रोएशिया में 6.3 तीव्रता का भूकंप, एक लड़की की मौत

क्रोएशिया में 6.3 तीव्रता का भूकंप, एक लड़की की मौत

क्रोएशिया में 6.3 तीव्रता का भूकंप, एक लड़की की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:29 pm IST
Published Date: December 29, 2020 3:28 pm IST

जगरेब (क्रोएशिया), 29 दिसंबर (एपी) क्रोएशिया में मंगलवार को भूकंप का जोरदार झटका महसूस किया गया। राजधानी के दक्षिण-पूर्व के इलाके में कई मकानों को नुकसान हुआ है और मलबे में दबने से एक लड़की की मौत हो गयी।

यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा कि क्रोएशिया की राजधानी जगरेब से 46 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया।

शुरुआती खबरों में कहा गया कि भूकंप के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। कुछ मकान जमींदोज हो गए तो कुछ कुछ इमारतों की दीवारों, छतों में दरारें आ गयी। इसी इलाके में सोमवार को 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था।

क्रोएशिया के सरकारी प्रसारक ‘एचआरटी’ ने बताया कि राजधानी से दक्षिण-पूर्व में स्थित पेट्रिंजा शहर में मलबे में दबने से एक लड़की की मौत हो गयी। लड़की की उम्र या उसके बारे में ज्यादा विवरण उपलब्ध नहीं है।

भूकंप के बाद क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक और सरकार के कुछ मंत्री हालात का जायजा लेने पेट्रिंजा शहर पहुंचे।

क्षेत्रीय ‘एन1 टीवी’ ने बताया कि भूकंप में सबसे ज्यादा प्रभावित पेट्रिंजा शहर में एक इमारत, कार पर गिर गयी। दमकलकर्मियों ने मलबा हटाने के बाद कार में फंसे एक व्यक्ति और उसके बेटे को अस्पताल पहुंचाया।

भूकंप के बाद राजधानी जगरेब में लोग मकानों के निकल कर सड़कों और पार्क की ओर भागे। कोरोना वायरस के कारण लगायी गयी पाबंदी के बावजूद कई लोग जगरेब से दूसरी जगहों पर चले गए। क्रोएशिया के मीडिया ने बताया कि कुछ लोग घायल हुए हैं लेकिन इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है कि कितने लोग घायल हुए हैं।

पड़ोसी देशों सर्बिया, बोस्निया और स्लोवेनिया में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया।

स्लोवेनिया में अधिकारियों ने कहा कि भूकंप के बाद क्रस्को परमाणु बिजली संयंत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। सीमा के पास स्थित इस संयंत्र का नियंत्रण स्लोवेनिया और क्रोएशिया के पास है।

एपी आशीष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में