अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले भारत ने यरूशलम में योग सत्र का आयोजन किया
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले भारत ने यरूशलम में योग सत्र का आयोजन किया
(हरिंदर मिश्रा)
यरुशलम, 17 जून (भाषा) भारत ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम से करीब एक सप्ताह पहले इजराइली शहर यरुशलम के स्थानीय निकाय के साथ मिलकर यहां योग का विशेष सत्र आयोजित किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
यरुशलम के पुराने इलाके में स्थित ममिला मॉल में मंगलवार को एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया और इसकी अगुवाई इजराइली योग प्रशिक्षक याएल यित्ज़ाक-इदान ने की और इस दौरान ओफ्रा अवनी ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति देकर लोगों को मुग्ध कर दिया।
इजराइल में, 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन 21 जून को तेल अवीव-याफो बंदरगाह पर भूमध्य सागर की पृष्ठभूमि में किया जाएगा।
यरुशलम में मंगलवार को योग का विशेष सत्र यरुशलम नगर निगम, इजराइल में भारतीय दूतावास और इजराइल के योग शिक्षक संघ की साझेदारी में आयोजित किया गया।
इस आयोजन में राजनयिकों, विशेष आमंत्रित मेहमानों, योग करने वालों और आम लोगों ने ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के तहत एक साथ योग किया।
इजराइल में भारत के राजदूत जे.पी. सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ समय के अनुकूल और प्रासंगिक है। यह हमें याद दिलाती है कि गरिमापूर्ण और स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने में योग कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’
भाषा धीरज जोहेब
जोहेब
जोहेब

Facebook


