एआई सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं ‘फर्जी खबरें’ नहीं: पोप लियो

Ads

एआई सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं ‘फर्जी खबरें’ नहीं: पोप लियो

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 09:33 AM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 09:33 AM IST

पोप के विशेष विमान से, 29 सितंबर (एपी) पोप लियो-14 ने सोमवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के अनियंत्रित होने की चिंताएं ‘फर्जी खबरें’ नहीं हैं और इन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

पोप लियो ने इस बात पर बल दिया कि एआई विशेषज्ञों द्वारा उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा की जानी चाहिए और उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

पोप ने अपना पहला पोप परिपत्र (एन्साइक्लिकल) एआई और इसके प्रभाव से ‘मानवता की रक्षा’ करने के विषय को समर्पित किया था। फ्रांस से लौटते समय विमान में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनसे पूछा गया कि एआई को मानवता के लिए विनाशकारी जोखिम बनने से रोकने के लिए विशेष रूप से अमेरिका और चीन को क्या कदम उठाने चाहिए।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एआई के अनियंत्रित होने की चिंताओं को महज ‘हौवा’ बता चुके हैं।

फ्रांस की यात्रा से लौट रहे पोप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह ऐसा मुद्दा है जिस पर हमें गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। हम हाथ पर हाथ रखकर यह नहीं मान सकते कि कुछ नहीं होने वाला है।’’

ट्रंप एआई तकनीक के प्रबल समर्थक रहे हैं और अक्सर कहते रहे हैं कि इस प्रौद्योगिकी की दौड़ में अमेरिका को चीन से आगे रहना चाहिए।

पोप लियो ने कहा, ‘‘अगर कोई मुझसे पूछे कि क्या मैं घबराया हुआ हूं, तो मेरा जवाब होगा-नहीं। मैं रात में आराम से सोता हूं। लेकिन मेरा मानना है कि एआई विशेषज्ञों द्वारा उठाई गई चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।’’

पोप ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि ये ‘फर्जी खबरें’ हैं, जैसा कि कुछ लोग अपने आर्थिक या अन्य हित साधने के लिए इन्हें बताने की कोशिश कर रहे हैं।’’

पोप ने अपने पहले पोप परिपत्र ‘मैग्निफिसेंट ह्यूमैनिटी’ में एआई के कड़े नियमन और इसके विकास की गति धीमी करने का आह्वान किया था।

एपी खारी वैभव

वैभव