(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 16 अप्रैल (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने बुधवार को यहां अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ’ब्रायन से मुलाकात की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत कर रहे हैं।
भारतीय अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के इस समझौते पर चर्चा के लिए जल्द ही अमेरिका आने की संभावना है।
क्वात्रा ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज इंडिया हाउस में राजदूत जैमीसन ग्रीयर और राजदूत रॉबर्ट ओ’ब्रायन की मेजबानी करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’
फरवरी में भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। इस रूपरेखा के तहत अमेरिका ने भारत पर शुल्क (टैरिफ) घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति जताई थी।
क्वात्रा ने कहा, ‘‘ द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न अवसरों पर हमारी बातचीत सकारात्मक रही। विभिन्न वैश्विक घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई। भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने के लिए उनके निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।’’
हाल ही में विदेश सचिव विक्रम मिसरी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान भी द्विपक्षीय व्यापार प्रमुख चर्चा का विषय रहा था।
अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने 20 फरवरी को फैसला सुनाया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अंतरराष्ट्रीय आपात आर्थिक शक्तियां अधिनियम (आईईपीपीए) के तहत लगाए गए शुल्क असंवैधानिक हैं।
भारत और अमेरिका शुरू में मार्च में इस व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रहे थे, लेकिन अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के इस फैसले के बाद शुल्क व्यवस्था में बदलाव आने से स्थिति बदल गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने पहले बताया था कि इस समझौते पर तब हस्ताक्षर किए जाएंगे जब अमेरिका की नयी वैश्विक शुल्क संरचना पूरी तरह लागू हो जाएगी।
इस बीच, व्यापार वार्ताओं पर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि द्वारा धारा 301 के तहत शुरू की गई दो जांचों का भी असर है। ये जांच जबरन श्रम से बने उत्पादों के आयात पर रोक लागू करने में विफलता और चीन तथा भारत समेत कुछ देशों के कुछ विनिर्माण क्षेत्रों में अत्यधिक उत्पादन से जुड़ी हैं।
भाषा गोला शोभना
शोभना